उत्तराखंडउधम सिंह नगरदुष्कर्म

काशीपुर: पटाखे दिलाने के बहाने 8 साल की बच्ची से दरिंदगी, पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

काशीपुर। उत्तराखंड के काशीपुर क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां 10 नवंबर की शाम एक युवक ने आठ साल की मासूम बच्ची को पटाखे दिलाने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर आईटीआई कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, यह घटना 10 नवंबर की शाम करीब 6:15 बजे की है। आरोपी नीरज उर्फ चेन उर्फ पंकज ने पीड़ित बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाया और उसे पटाखे दिलाने के बहाने सुनसान जगह की तरफ ले गया।

आरोपी मासूम को काशीपुर स्थित शुगर मिल की दीवार के पास बनी झाड़ियों में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह अपने घर वापस पहुंची डरी-सहमी बच्ची ने रोते हुए परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

घटना से आहत परिजन तुरंत बच्ची को लेकर आईटीआई कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू की।

क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रशांत कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर आरोपी नीरज उर्फ चेन उर्फ पंकज को गिरफ्तार कर लिया है, और इस जघन्य कृत्य के बाद से स्थानीय क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button