उत्तराखंडमध्य प्रदेशराजनीति

CM धामी पहुंचे भोपाल: शिवराज सिंह चौहान की माताजी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

भोपाल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी स्वर्गीय काशी बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्री के निवास पर जाकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री धामी ने स्वर्गीय काशी बाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और उनके दिए संस्कार जीवन की सबसे बड़ी धरोहर होते हैं।

शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि माताजी का निधन परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी के निधन के बाद से ही भोपाल स्थित उनके आवास पर सांत्वना देने वाले नेताओं का तांता लगा हुआ है। इसी क्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री विशेष रूप से भोपाल पहुंचे थे। दोनों नेताओं के बीच इस दौरान व्यक्तिगत और भावुक क्षण भी साझा हुए।

Related Articles

Back to top button