उत्तराखंडजागरुकता

धामी सरकार का बड़ा फैसला: सड़कों, मंदिरों और खेल मैदानों के लिए ₹14.68 करोड़ की स्वीकृति

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए ₹14.68 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी है। राज्य सरकार द्वारा जारी इस बजट से मंदिरों के सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण, व्यू प्वाइंट, मिनी स्टेडियम, हैंडपंप स्थापना और जर्जर विद्यालयों का कायाकल्प किया जाएगा।

स्वीकृत धनराशि में जनपद चम्पावत के लोहाघाट क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता मिली है। यहाँ चौमेल और पुलहिंडोला में मिनी स्टेडियम निर्माण के साथ मूलाकोट, पाटी एवं ईजड़ा में नए खेल मैदान तैयार करने के लिए ₹1.85 करोड़ की मंजूरी दी गई है। इस निर्णय से क्षेत्रीय युवाओं और उदीयमान खिलाड़ियों को बेहतर खेल ढांचा उपलब्ध होगा।

प्रदेश में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र में विभिन्न सीसी मार्गों और इंटरलॉकिंग रोड के निर्माण पर ₹2.49 करोड़ खर्च होंगे। वहीं देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र स्थित थानों रेंज में जॉलीग्रांट सैंज चौकी से जुड्डी गांव होते हुए कालूवाला को जोड़ने वाली सड़क के लिए ₹98.75 लाख का बजट पास किया गया है।

सीमांत और पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन को गति देने के लिए पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में लीती से मां होकरा मंदिर तक ट्रैक रूट और व्यू प्वाइंट निर्माण हेतु ₹88.79 लाख मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा, न्यायिक बिरादरी के कल्याण के लिए ‘उत्तराखंड जजेस एसोसिएशन’ के बेनवोलेट फंड हेतु ₹2.50 करोड़ की कुल स्वीकृति देते हुए पहली किश्त के रूप में ₹1.00 करोड़ की राशि जारी कर दी गई है।

ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट दूर करने के लिए मुख्यमंत्री ने ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में 300 नए हैंडपंप स्थापित करने के लिए ₹86.57 लाख मंजूर किए हैं। इस पहल से स्थानीय नागरिकों और ग्रामीण परिवारों को आसानी से साफ पेयजल मिल सकेगा।

धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की कड़ी में टिहरी जिले की टिहरी विधानसभा के मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए ₹39.84 लाख तय किए गए हैं। साथ ही नई टिहरी के बौराड़ी स्थित नवदुर्गा मंदिर की मरम्मत और कायाकल्प के लिए ₹2.98 करोड़ के सापेक्ष पहली किश्त के रूप में ₹1.00 करोड़ जारी हुए हैं। प्रतापनगर के हुण्डेश्वर महादेव मंदिर में ध्यान केंद्र निर्माण हेतु भी ₹82.62 लाख स्वीकृत हुए हैं।

कुमाऊं मंडल के प्रसिद्ध धार्मिक केंद्रों के विकास के तहत बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए ₹1.60 करोड़ तथा चम्पावत स्थित हिंग्लादेवी मंदिर के लिए ₹48.41 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।

पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट क्षेत्र में मंदिरों के सौंदर्यीकरण हेतु ₹49.34 लाख और मणकेश्वर सिद्ध महादेव को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए ₹70.00 लाख दिए गए हैं। साथ ही डीडीहाट के ग्राम हड़खोला स्थित घटयूड़िया मंदिर के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण पर ₹81.10 लाख खर्च किए जाएंगे।

शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए देहरादून के रायपुर विधानसभा क्षेत्र में किद्दूवाला, तुनवाला, नालापानी, अपर तुनवाला, धर्मपुर, ननूरखेड़ा, सौड़ा, सरस्वती विहार और रांझावाला ढांग प्राथमिक विद्यालयों की मरम्मत के लिए ₹28.18 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

इसी योजना के तहत गुजराड़ा, माजरी माफी, मालदेवता, रायपुर, मिंयावाला और श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल नेहरूग्राम के जर्जर माध्यमिक विद्यालय भवनों का पुनर्निर्माण होगा। इसके अतिरिक्त रायपुर स्थित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय के मुख्य परिसर और छात्रवास भवन की मरम्मत का काम भी इसी स्वीकृत बजट से पूरा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button