उत्तराखंड

CM धामी ने विकास परियोजनाओं के लिए जारी किए ₹20 करोड़, मिलेंगे ये फायदे

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए ₹93 करोड़ की बड़ी धनराशि मंजूर की है। इस बजट का उपयोग हेलीपैड निर्माण, पर्यटन विकास, सड़क चौड़ीकरण और पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने में किया जाएगा।

राज्य सरकार के इस फैसले से अल्मोड़ा, टिहरी, देहरादून, हरिद्वार, उत्तरकाशी और चमोली जिलों में विकास कार्यों को तेजी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी स्वीकृत परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

पर्यटन के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए अल्मोड़ा स्थित प्रसिद्ध गोल्जू मंदिर के पास बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए ₹56.29 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया है। पीडब्लूडी और पशुपालन विभाग की भूमि पर बनने वाले इस इंफ्रास्ट्रक्चर से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी।

पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी सुधारने के लिए भी भारी बजट जारी किया गया है। इसके तहत टिहरी गढ़वाल के ज्ञानसू ग्वाड पस्सी बुडोगी मार्ग के सुधारीकरण के लिए ₹3.32 करोड़ मंजूर किए गए हैं।

वहीं देहरादून के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र स्थित भानियावाला विस्थापित क्षेत्र की मुख्य व आंतरिक सड़कों को पक्का करने और इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने के लिए ₹1.23 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इससे स्थानीय निवासियों को आवाजाही में बड़ी राहत मिलेगी।

पुलिस बल की सुविधाओं का विस्तार करते हुए हरिद्वार जिले में पुलिस आवासों के निर्माण के लिए बजट जारी किया गया है। इसमें पुराना थाना श्यामपुर में 12 आवासों के लिए ₹5.76 करोड़ और कोतवाली ज्वालापुर में 12 आवासों हेतु ₹5.70 करोड़ स्वीकृत हुए हैं।

इसके अतिरिक्त हरिद्वार के ही थाना बहादराबाद परिसर में टाइप-2 के 06 आवासीय भवनों के निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में ₹1.26 करोड़ की धनराशि जारी कर दी गई है।

आपदा प्रबंधन और सीमांत क्षेत्रों में हवाई सेवा को दुरुस्त करने के लिए उत्तरकाशी के जानकीचट्टी में एडीआरएफ पोस्ट निर्माण हेतु ₹1.18 करोड़ मंजूर किए गए हैं। साथ ही विकासखंड मोरी के ग्राम फिताडी में नए हेलीपैड निर्माण के लिए ₹1.39 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

उत्तरकाशी के जोशियाड़ा में पहले से बने हेलीपैड के सौंदर्यीकरण के लिए ₹46.45 लाख और टिहरी गढ़वाल के ग्राम भांगला में नए हेलीपैड निर्माण के लिए ₹75.68 लाख का बजट मंजूर किया गया है।

शिक्षा और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में कदम बढ़ाते हुए पावकी देवी स्थित इंटर कॉलेज के पुनर्निर्माण के लिए ₹4.01 करोड़ मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा चमोली के तपोवन में भूतापीय ऊर्जा के सर्वेक्षण और डीपीआर तैयार करने के लिए यूजेवीएनएल को ₹3 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।

सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की ‘पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत राज्य सरकार ने अपने अंश के रूप में ₹20.00 करोड़ की सब्सिडी राशि अवमुक्त कर दी है। इससे राज्य के हजारों पात्र परिवारों को सोलर पैनल लगाने में सीधी आर्थिक मदद मिलेगी।

जनभावनाओं का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने चमोली जिले की थराली विधानसभा के देवाल स्थित ल्वाणी सुया मोटर मार्ग का नाम बदल दिया है। अब यह सड़क शहीद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व० श्री खीमजी के नाम से जानी जाएगी।

Related Articles

Back to top button