
उत्तराखंड नर्सिंग एकता मंच ने आज सोमवार को अपनी लंबित मांगो को लेकर राजधानी देहरादून में भारी प्रदर्शन किया। नर्सिंग स्टाफ ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार निरंतर कई समय से उनकी मांगो को नजरअंदाज कर रही है, जिसके चलते नर्सिंग एकता मंच ने अपनी मांगो को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच किया। हालांकि, पुलिस बल के द्वारा उन्हें आधे रास्ते में ही रोक दिया गया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें जबरन अपनी बसों में बैठाकर हिरासत में ले लिया। उत्तराखंड नर्सिंग एकता मंच की यह मांग है कि नर्सिंग भर्ती को वर्षवार किया जाए, परीक्षा आधारित भर्ती प्रक्रिया को निरस्त किया जाए, 2500 से अधिक पदों पर वर्षवार भर्ती लागू करी जाए, राज्य से बाहर के अभ्यर्थियों की भर्ती पर रोक लगाई जाए तथा ओवर-एज उम्मीदवारों को विशेष छूट दी जाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने न केवल उन्हें रोककर बसों में जबरन बैठाया, बल्कि धमकियां देकर उनकी आवाज दबाने की कोशिश भी की। नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि सरकार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है और उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने का अधिकार भी नहीं दिया जा रहा।




