
उत्तराखंड पुलिस को मित्र पुलिस का ध्येय वाक्य यूं ही प्राप्त नहीं हुआ है, दर-हकीकत उत्तराखंड पुलिस अपनी मुस्तैदी का प्रमाण समय-समय पर देती रहती है। ऐसी ही एक घटना हरिद्वार से सामने आई जहां फाउंड्री गेट से भगत सिंह चौक के बीच सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार और चरवाहा घायल हो गए। दरअसल, चरवाहा बकरी के साथ सड़क पार कर रहा था जिस दौरान चरवाहे को बचाने के प्रयास में बाइक ऑटो से टकराई। चूंकि SSP नवनीत सिंह भुल्लर VVIP ड्यूटी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने निकले थे लिहाजा रास्ते में उनकी मुलाकात इन घायलों से हुई। SSP नवनीत सिंह भुल्लर ने तुरंत रुककर हालात का जायजा लिया और मौके पर 108 एंबुलेंस बुलाकर घायलों को पुलिसकर्मियों की मदद से मेला अस्पताल भिजवाया। वहीं चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर हैं और उनका उपचार जारी है।




