उत्तराखंडमौसम

उत्तराखंड में बारिश से बिगड़े हालात; 120 रास्ते बंद, प्रशासन ने दी अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह

देहरादून। उत्तराखंड में रविवार को हुई बारिश के बाद सोमवार सुबह दून में खिली धूप से उमस बढ़ गई और तापमान चढ़ गया। हवा में नमी के कारण दिनभर गर्मी का अहसास हुआ। मौसम विभाग ने सोमवार को दून समेत छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने सोमवार को दून समेत छह जिलों चमोली, पिथौरागढ़, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और दून में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी जिलों में कई स्थानों पर भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और कहीं-कहीं अति तीव्र वर्षा की संभावना है। जबकि वहीं प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की गतिविधियां देखी जा सकती हैं।

भारी बारिश का सबसे बड़ा असर यातायात पर पड़ा है। राज्यभर में अभी भी 120 सड़कें बंद हैं। पौड़ी जिले में सबसे ज्यादा 20, चमोली में 17, पिथौरागढ़ में 14 और उत्तरकाशी में 15 सड़कें अवरुद्ध हैं। लोक निर्माण विभाग के एचओडी राजेश शर्मा ने कहा कि बंद सड़कों को खोलने का काम तेजी से चल रहा है। कुछ जगहों पर बड़े भूस्खलन होने से मलबा हटाने में समय लग रहा है।

जौनसार क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित रहा, जहां 13 मोटर मार्ग बंद हो गए। पहाड़ी इलाकों में मलबे और पत्थरों के कारण यातायात ठप होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आकाशीय बिजली और तेज वर्षा की आशंका को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।

बारिश और बंद सड़कों ने जनजीवन को प्रभावित किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में दैनिक आवागमन मुश्किल हो गया है। प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं। यह मौसम व्यवस्था पहाड़ी जिलों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में उमस दोनों तरह की समस्याएं पैदा कर रही है। विभागों ने लोगों से अनावश्यक यात्रा टालने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button