उत्तराखंडजागरुकता

उत्तराखंड: गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर वे-साइड ईटरी का उद्घाटन, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सराहा सीता स्वयं सहायता समूह का काम

चिन्यालीसौड़। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आज गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर विकासखंड चिन्यालीसौड़ के नगुण बैरियर के पास रीप परियोजना के अंतर्गत स्थापित वे-साइड ईटरी का उद्घाटन किया। मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना रही है, जिसका संचालन सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा ‘हिमालयन भोजनालय’ के नाम से किया जा रहा है।

उद्घाटन के बाद मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से भोजनालय के संचालन, ग्राहकों की आवक और इससे हो रही आमदनी के बारे में विस्तार से जानकारी ली। समूह की महिलाओं ने मुख्य सचिव को बताया कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन पुलिस बैरियर के पास रुकते हैं। वाहनों के रुकने की वजह से भोजनालय में यात्रियों का लगातार आना-जाना बना रहता है।

महिलाओं ने यह भी बताया कि भोजनालय के समीप ही एक पार्क बना हुआ है, जहां शाम के समय स्थानीय लोग टहलने के लिए पहुंचते हैं। टहलने आने वाले यह स्थानीय निवासी भी भोजनालय में भोजन और स्नैक्स का आनंद लेते हैं, जिससे समूह को अच्छी आमदनी हो रही है। रीप परियोजना से मिले सहयोग का जिक्र करते हुए महिलाओं ने कहा कि इस उद्यम को शुरू करने में परियोजना से बड़ी मदद मिली है। परियोजना के माध्यम से उन्हें बैंक ऋण भी उपलब्ध कराया गया, जिससे वे अपना खुद का व्यवसाय खड़ा करने में सक्षम हो सकी हैं।

अब इस समूह को केवल रोजमर्रा के ग्राहकों पर ही निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है, बल्कि बड़े आयोजनों और अन्य विशेष अवसरों के लिए भी भोजन के ऑर्डर मिल रहे हैं। समूह की महिलाएं मांग के अनुसार इन सभी ऑर्डरों को समय पर पूरा कर रही हैं। महिलाओं ने इस पहल के लिए सरकार और रीप परियोजना का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस योजना से उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने के साथ ही आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।

इस अवसर पर रीप के परियोजना प्रबंधक ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत पूरे प्रदेश में इस तरह की वे-साइड ईटरी विकसित की जा रही हैं। इन सभी केंद्रों को एक समान पहचान देने के उद्देश्य से इन्हें ‘हिमालयन भोजनालय’ के नाम से संचालित किया जा रहा है। परियोजना प्रबंधक ने आगे कहा कि इस पहल का लक्ष्य यात्रियों को स्थानीय और पारंपरिक भोजन उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आजीविका को मजबूत बनाना भी इसका मुख्य उद्देश्य है।

जनपद में इस तरह के रोजगार मॉडल्स को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन की ओर से उपयुक्त स्थानों की उपलब्धता भी कराई जा रही है। इससे स्थानीय महिला समूहों को अपना व्यवसाय स्थापित करने में सीधा सहयोग मिल रहा है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने महिलाओं के काम की सराहना करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को अपनी आजीविका बढ़ाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लगातार अवसर दिए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद, डीडीओ वेद प्रकाश और डीपीएम रीप कपिल उपाध्याय समेत अन्य अधिकारी व समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button