उत्तराखंड

Haridwar: कांगड़ी में मिलावटखोरों पर चला प्रशासन का डंडा, संयुक्त कार्रवाई से हड़कंप

हरिद्वार। कांगड़ी क्षेत्र स्थित ‘गुज्जर डेयरी’ पर खाद्य सुरक्षा विभाग और श्यामपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को बड़ी छापेमारी की है। इस कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 50 किलोग्राम मिलावटी पनीर जब्त किया गया। जांच में सामने आया कि यह पनीर मिल्क पाउडर और फॉरेन फैट मिलाकर तैयार किया जा रहा था। सेहत के लिए खतरनाक साबित होने पर प्रशासन ने 49 किलो पनीर को मौके पर ही गड्ढे में दबाकर नष्ट करा दिया।

छापेमारी के दौरान जब संयुक्त टीम ने डेयरी परिसर की तलाशी ली, तो वहां एक बड़े कंटेनर में तैयार पनीर रखा हुआ मिला। पूछताछ के दौरान डेयरी संचालक के भाई शराफत अली ने कबूल किया कि पनीर बनाने में मिल्क पाउडर और फॉरेन फैट का इस्तेमाल किया गया था। टीम को मौके से मिल्क पाउडर के करीब 50 खाली पैकेट भी बरामद हुए हैं, जिन्हें साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए मौके पर बने पनीर और निर्माण में इस्तेमाल हो रहे दूध के कुल 2 सैंपल लिए। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि इन सभी नमूनों को सील करके राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिया गया है, ताकि लैब रिपोर्ट के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।

जांच में यह बड़ा खुलासा भी हुआ कि यह डेयरी केवल खुदरा बिक्री के फूड लाइसेंस पर अवैध रूप से बड़े पैमाने पर दुग्ध उत्पादों का निर्माण कर रही थी। बिना वैध मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस के उत्पादन करने और मिलावट पाए जाने पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने डेयरी संचालक इमानत अली और उनके भाई शराफत अली को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) के तहत नोटिस थमा दिया है।

इस संयुक्त कार्रवाई में श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, एएसआई रवींद्र गौड़, कांस्टेबल मनमोहन सैनी व सुशील के अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग के गढ़वाल मंडल उपायुक्त आरएस रावत और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार समेत पूरी टीम शामिल रही। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है।

Related Articles

Back to top button