हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर आबकारी विभाग ने अवैध शराब की बड़ी खेप को जब्त किया है। दरअसल, आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट और उनकी टीम ने हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीन पानी पुलिया के समीप चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहनों को धर दबोचा। इन दोनों वाहनों में बिना किसी बिल और परमिट के चंडीगढ़ मार्का की 25 पेटी अवैध शराब भरी थीं। वहीं, आबकारी विभाग की जांच में यह भी सामने आया कि अवैध शराब की यह पेटियां चंडीगढ़ से लाई गईं थी, जिन्हें शायद पर्वतीय क्षेत्रों में अधिक दाम और ब्लैक मार्केटिंग करके बेचा जाना था। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग की कमिश्नर अनुराधा पाल स्वयं मौजूद रहीं और पूरी ऑपरेशन की निगरानी की। आबकारी कमिश्नर ने टीम को जरुरी दिशा निर्देश देते हुए स्वयं कार्य प्रगति का जायजा लिया। आबकारी कमिश्नर ने कहा कि देवभूमि में अवैध शराब की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन की कार्रावाई लगातार जारी है।
आबकारी विभाग ने अवैध शराब का फोड़ा भांडा
आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनमे से एक राहुल पुत्र कुंदन लाल निवासी ब्राह्मणवाला देहरादून जबकि दूसरा सुरेंद्र सिंह पुत्र चंदन सिंह निवासी ऋषिकेश का निवासी है। वहीं विभागिय अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों से अभी पूछताज जारी है, ताकि इस तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी सख्त कार्रवाई करी जा सके। आबकारी विभाग ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे ऑपरेशन जारी रहेंगे और इस कृत्य में लिप्त किसी भी व्यक्ति को कतई बख्शा नहीं जाएगा। इसके अतिरिक्त आबकारी विभाग की जन-साधारण से भी यह अपील है कि यदि अवैध शराब तस्करी या बिक्री के बारे में कोई जानकारी प्राप्त हो तो विभाग को तुरंत सूचना दें।





