उत्तराखंडमौसम

उत्तराखंड में आज बिगड़ेगा मौसम: 9 जिलों में बारिश-बर्फबारी, 50 Km/h की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बृहस्पतिवार को प्रदेश के नौ जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा और 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, राज्य के 10 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और तेज झोंकेदार हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने के आसार हैं, जबकि अन्य मैदानी जिलों में भी हल्की बूंदाबांदी दर्ज की जा सकती है।

बारिश और बर्फबारी के साथ-साथ 10 जिलों में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी गति बढ़कर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस संभावित अंधड़ और बिजली चमकने की स्थिति को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

राजधानी देहरादून में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शहर में बारिश, गरज-चमक और झोंकेदार हवाओं के एक से दो दौर आने की संभावना है। दून में आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

तापमान के आंकड़ों की बात करें तो बीते 24 घंटों में देहरादून का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। इसके अलावा पंतनगर, मुक्तेश्वर और नई टिहरी में भी पारा सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। हालांकि, इस अवधि में कहीं भी महत्वपूर्ण वर्षा नहीं हुई, लेकिन आज से मौसम का मिजाज बदलने की पूरी संभावना है।

Related Articles

Back to top button