उत्तराखंड STF साइबर ठगी: रिलायंस कैम्पा कोला डीलरशिप के नाम पर 23 लाख लूट

उत्तराखण्ड एसटीएफ को साइबर ठगी के एक बड़े मामले में अहम सफलता मिली है। साइबर थाना कुमाऊँ परिक्षेत्र, रुद्रपुर की टीम ने रिलायंस इंडस्ट्रीज की ‘कैम्पा कोला’ डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर अपराधियों को दिल्ली के रोहिणी इलाके से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि नवंबर 2025 में उधमसिंह नगर निवासी एक व्यक्ति को गूगल सर्च के जरिए फर्जी रिलायंस अधिकारी बनकर रजिस्ट्रेशन, सिक्योरिटी और स्टॉक के नाम पर 23.55 लाख रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया।
UPI-ATM से पैसे साफ करने का खेल
STF ए एस पी कुश मिश्रा के अनुसार आरोपी बिहार के भोले-भाले युवाओं को रोजगार का झांसा देकर दिल्ली बुलाते थे और उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर धोखाधड़ी को अंजाम देते थे। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम को एटीएम और यूपीआई के माध्यम से तुरंत निकाल लिया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, आधार और पैन कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस ने जनता से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन ऑफर से बचने की अपील की है।




