उत्तराखंडदुर्घटनादेहरादूनशासनसामाजिक

चकराता देवघार फॉरेस्ट कॉलोनी में भीषण आग: रेंज क्वार्टर जलकर राख

देहरादून के चकराता क्षेत्र अंतर्गत वन प्रभाग के देवघार रेंज त्यूणी स्थित फॉरेस्ट कॉलोनी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुराने रेंज क्वार्टर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरा क्वार्टर आग के गोले में तब्दील हो गया और लपटें आसमान तक उठने लगीं। बताया जा रहा है कि इस पुराने रेंज क्वार्टर में वन आरक्षी बलवीर सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं और कमरे को बंद कर बच्चों के साथ कहीं बाहर गए हुए थे। इसी दौरान दोपहर करीब सवा बारह बजे अचानक क्वार्टर से धुएं का गुबार और आग की तेज लपटें उठने लगीं, जिसे देखकर फॉरेस्ट कॉलोनी में हड़कंप मच गया। आसपास रहने वाले लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वन विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के वक्त क्वार्टर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

Related Articles

Back to top button