Uttarakhand Rain Alert: देहरादून समेत इन 7 जिलों में आज स्कूल बंद, यात्रा करने से पहले पढ़ें यह जरूरी खबर

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार को हुई लगातार और तेज बारिश के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) के अनुसार प्रदेश में कई राष्ट्रीय राजमार्गों सहित कुल 115 सड़कें बंद हो गई हैं। वहीं मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार के लिए कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए कई जिलों में कक्षा 12 तक के स्कूलों में भी अवकाश घोषित किया गया है।
बारिश के कारण पर्वतीय जिलों में जगह-जगह भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे कई सड़कें बाधित हो गईं। दूसरी ओर मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी रही। लगातार बारिश से यातायात, दैनिक गतिविधियों और सामान्य जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा है।
SEOC के अनुसार पिथौरागढ़ जिले का तनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग बोल्डर गिरने के कारण बंद हो गया है। इसके अलावा जिले के 12 ग्रामीण मार्ग भी प्रभावित हुए हैं। देहरादून में एक राज्य मार्ग और 14 ग्रामीण सड़कें बंद होने की सूचना है।
अन्य जिलों की बात करें तो पौड़ी सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां 31 सड़कें बंद हैं। इनमें दो राज्य मार्ग, एक प्रमुख मार्ग और 28 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा अल्मोड़ा में 13, टिहरी में एक राज्य मार्ग और 13 ग्रामीण सड़कें, चमोली में नौ, नैनीताल में पांच, जबकि रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और बागेश्वर में भी कई सड़कें बंद होने की जानकारी दी गई है।
भारी बारिश का असर केवल सड़कों तक सीमित नहीं रहा। कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। कुछ इलाकों में भवनों को भी नुकसान पहुंचा है। संबंधित विभाग बंद सड़कों को खोलने और आवश्यक सेवाओं को बहाल करने के लिए लगातार राहत एवं पुनर्स्थापन कार्य में जुटे हुए हैं।
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चंपावत जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर और हरिद्वार में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश को लेकर येलो अलर्ट प्रभावी है। मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए देहरादून, हरिद्वार, चमोली, पौड़ी, पिथौरागढ़, बागेश्वर और टिहरी जिलों में शुक्रवार को कक्षा 12 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
इस बीच मानसून का असर देश के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने दिल्ली सहित 18 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ, जबकि अन्य राज्यों में भी बारिश से जनजीवन पर असर पड़ा है।
प्रदेश प्रशासन ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। राहत एवं बचाव से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और आवश्यकता होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।




