उत्तराखंडदेहरादूनपरिवहनशासनसामाजिक

राष्ट्रपति के देवभूमि आगमन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, दून पुलिस ने जारी किया रूट डायवर्जन प्लान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के देवभूमि आगमन को लेकर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सुरक्षा और कानून व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिसके तहत देहरादून पुलिस ने आम जनता की सहूलियत के लिए एक विस्तृत और महत्वपूर्ण यातायात प्लान जारी किया है।

राष्ट्रपति के दौरे के दौरान शहर को जाम से बचाने के लिए ऋषिकेश, हरिद्वार और मसूरी की ओर से आने-जाने वाले वाहनों के लिए कई वैकल्पिक मार्गों और डायवर्जन बिंदुओं की व्यवस्था की गई है। इस नए ट्रैफिक प्लान के मुताबिक, ऋषिकेश और भानियावाला की तरफ से देहरादून शहर आने वाले वाहनों को रानीपोखरी भोगपुर से थानो होते हुए छह नंबर पुलिया, सहस्रधारा क्रॉसिंग और सर्वे चौक के रास्ते शहर में प्रवेश कराया जाएगा, जबकि ऋषिकेश से मसूरी जाने वाले वाहन आईटी पार्क और साईं मंदिर होकर आगे बढ़ेंगे।

वहीं, हरिद्वार से देहरादून आने वाले ट्रैफिक को भानियावाला फ्लाई ओवर सर्विस लेन से डोईवाला चौक, दूधली मार्ग और कारगी चौक की तरफ डायवर्ट किया गया है, जबकि हरिद्वार से मसूरी जाने वाले वाहन शिमला बाईपास, जीएमएस रोड और कैंट होते हुए अनारवाला के रास्ते मसूरी जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त, आशारोड़ी और प्रेमनगर से मसूरी जाने वाले वाहनों को आईएसबीटी से शिमला बाईपास और बल्लूपुर चौक के रास्ते भेजा जाएगा।

देहरादून शहर से हरिद्वार-ऋषिकेश जाने के लिए चालकों को कारगी चौक से दूधली मार्ग और लालतप्पड़ का इस्तेमाल करना होगा, जबकि मसूरी से हरिद्वार-ऋषिकेश जाने वाले वाहन कुठाल गेट, ओल्ड मसूरी रोड, आईटी पार्क और थानो रोड होकर गुजरेंगे।

पुलिस प्रशासन ने सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए भोगपुर तिराहा, कारगी चौक, सहस्रधारा क्रॉसिंग, भानियावाला फ्लाई ओवर, शिमला बाईपास चौक, साईं मंदिर राजपुर रोड और दूधली रोड जैसे प्रमुख स्थानों पर डायवर्जन प्वाइंट बनाए हैं, ताकि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Back to top button