उत्तराखंडखाद्य सुरक्षा

Rishikesh: होटलों और रेस्टोरेंटों में FDA का बड़ा अभियान, ऋषिकेश के प्रमुख होटलों से लिए गए सैंपल

ऋषिकेश। उत्तराखंड में मिलावटखोरी और नकली पनीर के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमों ने बड़ा अभियान चलाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए FDA की टीमों ने ऋषिकेश से लेकर टिहरी तक के होटलों, रेस्टोरेंटों और खाद्य प्रतिष्ठानों में ताबड़तोड़ छापेमारी की।

इस विशेष जांच अभियान के तहत देहरादून और टिहरी जिले में व्यापक चेकिंग की गई। कार्रवाई के दौरान ऋषिकेश से 3 और टिहरी जिले से 10 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के होटल संचालकों और मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।

स्वास्थ्य सचिव व FDA आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने होटलों की रसोई और स्टोर रूम खंगाले। जांच के दौरान पनीर की गुणवत्ता, दुग्ध पदार्थों के वास्तविक स्रोत, कच्चे माल के बिल, पैकेजिंग, बैच नंबर और निर्माण तिथि की गहनता से पड़ताल की गई।

निरीक्षण के दौरान नियमों और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर दो प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना जारी की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर नियमानुसार कानूनी शिकंजा कसा जाएगा। प्रदेश में एनालॉग पनीर और गैर-दुग्ध उत्पादों के अवैध प्रयोग को रोकने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने कहा कि प्रदेश के लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों और उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

छापेमारी के दौरान अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी के नेतृत्व में टीम ने ऋषिकेश के वीरभद्र रोड स्थित कई प्रमुख होटलों के किचन और स्टोर की जांच की। इस दौरान मोदी रिट्रीट, गंगा किनारे, होली वाटर और सेवन सीज जैसे प्रमुख प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया को परखा गया और साफ-सफाई के कड़े निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button