पुलिस का नाबालिक चालकों के विरूद्घ सख्त रुख, विद्यालय प्रबंधकों संग की बैठक
बाजपुर पुलिस ने सामाजिक दायित्व और नागरिक सुरक्षा के हित में एक और ठोस कदम उठाया है। दरअसल, बाजपुर पुलिस अब शहर के भीतर स्कूल जाने वाले नाबालिक दोपहिया वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का पूर्ण मन बना चुकी है। इसी कड़ी में कोतवाल नरेश चौहान ने इंटरमीडिएट विद्यालय के प्रबंधन के साथ बैठक की, जिसमें उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से बच्चों को जागरुक करने और दोपहिया वाहन का प्रयोग न करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगे कहा कि यह नाबालिक बच्चे ही देश का भविष्य हैं ,लेकिन बच्चों की जिद पर अधिकतर अभिभावक उन्हें स्कूल जाने के लिए दोपहिया वाहन दे देते हैं। ऐसी स्थिति में यह न केवल बच्चों की जान से खिलवाड़ है बल्कि नागरिक सुरक्षा को खोखला करने जैसा कृत्य भी है। कोतवाल नरेश चौहान ने कहा कि यह बैठक सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए करी गई है। उन्होंने कहा कि बच्चों को इन सामाजिक कर्तव्यों से रूबरू करवाने के लिए सबसे अच्छा स्थान विद्यालय हैं, जहां शिक्षक बच्चों को नैतिक कर्तव्य और यातायात नियमों का सही अनुपालन सिखा सकते हैं।
कोतवाल नरेश चौहान ने यह भी बताया कि विद्यालय स्तर पर पहले बच्चों को जागरूक करने का कार्य किया जाएगा और उसके बाद पुलिस द्वारा अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी नाबालिग बच्चे बाइक चलाते हुए पाए गए उनके अभिभावकों का 25 हजार रुपए का चालान किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन न देने की अपील की है।





