उत्तराखंडउधम सिंह नगर

उत्तराखंड: लोहियाहेड में सीएम धामी ने लिया चाट-टिक्की का स्वाद, दिया ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश

खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोहियाहेड में ‘वोकल फॉर LOCAL’ की भावना को धरातल पर उतारते हुए स्थानीय व्यवसाय और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का बड़ा संदेश दिया है। मुख्यमंत्री बिना किसी तामझाम के पैदल चलते हुए आम जनता और स्थानीय दुकानदारों के बीच पहुंचे।

इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोकप्रिय चाट विक्रेता रवि के स्टॉल पर रुककर टिक्की का स्वाद लिया। सीएम ने रवि से बातचीत कर उनके रोजगार के बारे में जानकारी ली और स्थानीय स्तर पर आजीविका चला रहे छोटे उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री के इस सादगी भरे अंदाज को देखकर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में भारी उत्साह देखने को मिला।

दुकानदारों और आम नागरिकों से आत्मीय संवाद करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों और छोटे व्यवसायों को प्रोत्साहन देना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ केवल एक अभियान नहीं है, बल्कि यह स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्वरोजगार के अवसर पैदा करने और राज्य को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम अपने आसपास के स्थानीय उत्पादों और सेवाओं को प्राथमिकता देते हैं, तो उसका सीधा फायदा हमारे स्थानीय कारीगरों, छोटे दुकानदारों और युवाओं को मिलता है। इससे न केवल जमीनी स्तर पर अर्थव्यवस्था मजबूत होती है, बल्कि ‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ के हमारे संकल्प को भी नई रफ्तार मिलती है। सीएम का स्थानीय लोगों के बीच इस तरह सहज रूप से पहुंचना पूरे क्षेत्र में चर्चा और आकर्षण का विषय बना रहा।

लोहियाहेड के स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री की इस सादगी और छोटे व्यवसायों के प्रति उनके संवेदनशीलता की जमकर तारीफ की। मुख्यमंत्री का दुकान पर पहुंचकर संवाद करना छोटे व्यापारियों के सम्मान और प्रोत्साहन की दिशा में एक बेहद प्रेरक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

राजनीतिक और सामाजिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री धामी का यह कदम ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को केवल भाषणों तक सीमित न रखकर धरातल पर उतारने की एक व्यावहारिक कोशिश है। सीएम का यह दौरा प्रदेशभर के छोटे कारोबारियों और स्वरोजगार से जुड़े युवाओं में नया आत्मविश्वास भरने का काम करेगा।

दौरे के अंत में मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर उस व्यक्ति के साथ मजबूती से खड़ी है जो स्वरोजगार अपनाकर राज्य की प्रगति में योगदान दे रहा है। मुख्यमंत्री के इस दौरे से लोहियाहेड के व्यापारिक वर्ग में बेहद खुशी का माहौल है।

Related Articles

Back to top button