
राष्ट्रीय स्तर पर मनरेगा के नाम बदलकर VB-GRAMG किए जाने पर पूरे देश में हल्ला मचा हुआ है। जहां एक ओर केंद्र की भाजपा सरकार इसे दूरदर्शी और अधिक पारदर्शी बतला रही है तो वहीं विपक्षी दल इस फैसले को लेकर लगातार सरकार का घेराव कर रही है। वहीं उत्तराखंड के बागेश्वर जिला स्थित भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता का आयोजन हुआ जिसे भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार ने संबोधित किया। महामंत्री परिहार ने कहा कि केंद्र सरकार विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन वीबी जी राम जी के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देने जा रही है। इस कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब तक मनरेगा पर 11.74 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं जो अब तक के सर्वाधिक राशि है।
मनरेगा पर 11.74 लाख करोड़ खर्च
भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार ने कहा कि मनरेगा पर 11.74 लाख करोड़ रुपये खर्च करने से यह लाभ होगा कि अब मनरेगा के तहत प्रत्येक परिवार को 100 के बजाय 125 दिन का रोजगार मिलेगा और मजदूरी का भुगतान भी 15 दिन के बजाय हर हफ्ते सीधे खातों में किया जाएगा। वहीं उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने केवल योजनाओं के नाम बदले लेकिन धरातल पर पारदर्शिता का अभाव रहा। महामंत्री परिहार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की योजनाओं में पारदर्शिता नहीं थी जबकि वर्तमान सरकार जीपीएस, मोबाइल मॉनिटरिंग और रियल टाइम डेटा अपलोड के माध्यम से इस मिशन को पारदर्शी बना रही है।




