उत्तराखंडमौसम

उत्तराखंड मौसम अपडेट: देहरादून समेत 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अगले 5 दिनों का हाल

देहरादून। उत्तराखंड में मानसूनी बारिश की रफ्तार धीमी पड़ते ही मौसम का मिजाज तेजी से बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के सभी जिलों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही देहरादून समेत पांच पर्वतीय जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 10 सितंबर को देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए इन पांचों जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

दूसरी ओर, हरिद्वार, पौड़ी और उत्तरकाशी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, राज्य के शेष अन्य जिलों में भी अनेक स्थानों पर तेज गर्जन और बिजली चमकने के साथ बारिश का एक-दो दौर आ सकता है।

मानसून की गतिविधियां सुस्त होने के कारण मैदानी इलाकों में धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी देहरादून में बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। पारा 33.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से दिनभर तीखी धूप और उमस का अहसास हुआ।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आसमान साफ रहने से सुबह और दोपहर के समय सूरज के तेवर तल्ख बने हुए हैं। हालांकि, शाम के वक्त मौसम में हल्की राहत महसूस की जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून सीजन के दौरान बारिश की गतिविधियों में इस तरह का उतार-चढ़ाव पूरी तरह सामान्य प्रक्रिया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी 15 सितंबर तक प्रदेश भर में मौसम की स्थिति कमोबेश ऐसी ही बनी रहेगी। दिन में चटक धूप और उमस के बाद शाम या रात में बारिश के आसार रहेंगे। विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में आवाजाही करने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।

Related Articles

Back to top button