
जिला प्रशासन ने बचाव कार्य तेज़ किए, कई लोगों के बहने की आशंका,
उत्तराखंड की गंगा घाटी में स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल खीर गंगा में मंगलवार देर रात भारी बारिश और बादल फटने की भयावह घटना ने पूरे क्षेत्र में तबाही मचा दी। घटना के बाद धराली बाजार पूरी तरह मलबे में दब गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कई लोगों के बह जाने की सूचना है और कुछ लोग लापता बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे भारी बारिश के बीच अचानक बादल फटा, जिससे क्षेत्रीय नदियों और नालों में उफान आ गया। तेज बहाव के कारण कई दुकानें, मकान और वाहन बह गए। धराली बाजार, जो खीर गंगा का एक प्रमुख व्यावसायिक इलाका है, मलबे में तब्दील हो गया है। घटनास्थल की भयावह तस्वीरें सामने आ रही हैं जिनमें सिर्फ मलबा और तबाही के निशान दिख रहे हैं।
जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन बल (SDRF) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में जुट गई है। एनडीआरएफ की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है। इलाके को अत्यधिक संवेदनशील घोषित कर दिया गया है और स्थानीय निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षित स्थानों पर बने रहने की अपील की है। इस हादसे ने एक बार फिर उत्तराखंड की आपदा प्रबंधन व्यवस्था और पर्वतीय क्षेत्रों की नाजुक भौगोलिक स्थितियों पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर दिया है।
स्थिति पर निगरानी बनी हुई है और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।




