
उत्तराखंड में इन दिनों मौसम परिवर्तन का असर प्रदेश के तापमान पर पड़ रहा है, बारिश-बर्फबारी न होने से मौसम में शुष्कता बरकरार है और पूरे प्रदेश में सूखी ठंड परेशान कर रही है। वहीं एक ओर जहां प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में शीतलहर और पाला झर रहा है तो मैदानी इलाकों में कोहरा और धुंध ने लोगों मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
वहीं बीते गुरुवार को राजधानी समेत अन्य क्षेत्रों में दिनभर धूप खिली रही, लिहाजा अधिकतम तापमान भी सामान्य के आसपास बना रहा, जबकि रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे गिरा रहा। राजधानी देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री बढ़ोतरी के साथ 21.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, तो वहीं रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कमी के साथ 4.4 डिग्री रहा।
जानिए मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, आज 9 जनवरी को भी राजधानी देहरादून, ऊधमसिंह नगर व हरिद्वार समेत नैनीताल, चंपावत और पौड़ी में घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में दिन के समय धूप खिलने से ठंड से थोड़ा राहत मिल रही है लेकिन सूखी ठंड से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद कम है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों की बात करें तो 14 जनवरी तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।




