आबकारीउत्तराखंड

Dehradun News: आबरकारी विभाग का बड़ा छापा,19 पेटी शराब समेत 3 गिरफ्तार, 1 तस्कर फरार

देहरादून। देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कंडोली और बिडौली इलाके में आबकारी विभाग ने कल देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए कॉलेज छात्रों को शराब की होम डिलीवरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून और आबकारी टीम मसूरी द्वारा की गई इस संयुक्त छापेमारी से तस्करों में हड़कंप मच गया है। इस कार्रवाई का सीधा असर स्थानीय शैक्षणिक संस्थानों के आसपास फल-फूल रहे अवैध नशा कारोबार पर पड़ा है।

मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से 19 पेटी अवैध अंग्रेजी व इम्पोर्टेड शराब बरामद की गई, जिस पर “फॉर सेल इन चंडीगढ़ ओनली” का मार्का लगा हुआ था। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 1 चार पहिया वाहन और 3 स्कूटी को भी टीम ने कब्जे में ले लिया है।

जांच में खुलासा हुआ है कि हरियाणा राज्य से अवैध रूप से लाई जा रही यह शराब बिडौली क्षेत्र के कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों को स्कूटी के जरिए होम डिलीवरी कर बेची जा रही थी। तस्कर काफी समय से युवाओं को लक्षित कर इस नेटवर्क को चला रहे थे। आबकारी टीम की इस त्वरित कार्रवाई से छात्रों के बीच चलाए जा रहे इस अवैध खेल का पर्दाफाश हो गया है।

छापेमारी के दौरान आबकारी टीम को देखकर मुख्य तस्कर विक्रांत उर्फ गर्वित अपनी कार को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। हालांकि, अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसके तीन अन्य साथियों को मौके पर ही धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में अंकुश, सौरभ और एक महिला तस्कर पिंकी शामिल हैं, जो सभी हरियाणा के निवासी हैं।

गिरफ्तार किए गए तीनों अभियुक्तों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 63/72 के तहत मामला पंजीकृत कर उन्हें देहरादून के न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, फरार मुख्य आरोपी विक्रांत उर्फ गर्वित की गिरफ्तारी के लिए आबकारी विभाग और पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

अवैध शराब के इस कारोबार पर नकेल कसने वाली इस विशेष टीम में आबकारी निरीक्षक दिवाकर चौधरी और जयवीर सिंह सहित विभाग के कई अन्य जवान प्रमुख रूप से शामिल रहे। आबकारी प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध शराब तस्करी और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले रैकेट के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button