हरिद्वार पतंजलि में योग-आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा का संगम, गृहमंत्री अमित शाह ने किया ‘हाइब्रिड हॉस्पिटल’ उद्धाटन

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार के दो-दिवसीय दौरे पर हैं, इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ में इमरजेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का लोकार्पण किया। वहीं योगगुरु बाबा रामदेव ने इमरजेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल के उद्धाटन को चिकित्सा जगत की बड़ी पहल बताते हुए कहा कि यह विश्व का पहला ऐसा हाइब्रिड हॉस्पिटल है, जहां रोगों की जड़ पर काम करते हुए योग, आयुर्वेद, नेचुरोपैथी और पंचकर्म से 90 से 99 प्रतिशत बीमारियों के उपचार का लक्ष्य रखा गया है।
बाबा रामदेव ने स्पष्ट किया कि यह अस्पताल सिर्फ इलाज का केंद्र नहीं बल्कि शरीर में रोग पैदा करने वाले कारणों की पहचान और शुद्धिकरण पर आधारित मॉडल है। उन्होंने कहा कि जहां इमरजेंसी और क्रिटिकल कंडीशन होगी, वहां आधुनिक चिकित्सा पद्धति का पूरा उपयोग किया जाएगा, जबकि सामान्य और दीर्घकालिक रोगों में योग और आयुर्वेद को प्राथमिकता दी जाएगी।
वहीं आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि अब तक करोड़ों मरीजों को योग और आयुर्वेद से लाभ मिल चुका है, लेकिन गंभीर और आपात स्थितियों में आधुनिक मेडिकल सपोर्ट की जरूरत महसूस हुई। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इमरजेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल की स्थापना की गई है, जिससे हर परिस्थिति में मरीजों को समुचित इलाज मिल सके।उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान की भूमिका इलाज में सीमित लेकिन महत्वपूर्ण है और यदि इसके साथ परंपरागत चिकित्सा पद्धतियों को प्रभावी ढंग से जोड़ा जाए, तो आने वाले कुछ वर्षों में वैश्विक स्वास्थ्य प्रणाली को अधिक संतुलित और सुलभ बनाया जा सकता है।




