
उत्तराखंड में मौसम ने रविवार को जबरदस्त यू-टर्न लिया, जहां मार्च माह की शुरुआत रिकॉर्ड तापमान बढ़ौतरी के साथ हुई वहीं रविवार को झमाझम बारिश से एक बार फिर सर्द करवट लौट आई है। राजधानी दून में रविवार सुबह का आगाज घने काले बादलों से हुआ, ठंडी हवाएं रह-रहकर सिहरन बढ़ाती रहीं। हालांकि, दोपहर में हल्का खुलता नजर आया और गुनगुनी धूप के साथ मौसम सुहावना बना रहा। वहीं शाम को शहर में झमाझम तूफानी बारिश ने ठंड का अहसास कराया।
इस प्रकार मार्च के तीसरे सप्ताह की शुरुआत बेमौसम बारिश के साथ हुई। देर रात तक रुक-रुककर बारिश होती रही। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। उत्तराखंड के कई हिस्सों में रविवार को हुई बारिश से तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिला। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में अधिक गिरावट दर्ज की गई। इससे फिर ठंड लौट आई। हालांकि, मार्च महीने में जहां कुछ दिनों पहले तापमान बढ़ने से हल्की गर्माहट महसूस की जा रही थी, वहीं अब अचानक मौसम के बदले मिजाज ने ठंड की वापसी करा दी है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, पूर्वानुमान के अनुसार 21 मार्च तक पहाड़ से लेकर मैदान तक वर्षा का क्रम जारी रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही बौछारें जंगलों की आग को नियंत्रित करने में फायदेमंद होगी।



