
देहरादून। राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के पैतृक गांव ‘ब्राह्मण थाला’ का बंदोबस्ती रिकॉर्ड गोपेश्वर स्थित कलेक्ट्रेट से गायब हो गया है। इस वजह से गांव के लोग पिछले तीन वर्षों से जाति प्रमाणपत्र बनवाने, सड़क निर्माण का मुआवजा पाने और जमीन के सीमांकन के लिए परेशान हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं और गायब अभिलेखों की जांच कराने की बात कही है।
चमोली जिले के पोखरी ब्लॉक में स्थित ब्राह्मण थाला गांव में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की पुश्तैनी जमीन है। कलेक्ट्रेट से बंदोबस्ती रिकॉर्ड गायब होने के कारण गांव के कई परिवार अपनी जमीन पर बच्चों के नाम दर्ज कराने में भी असमर्थ हैं। इस पूरे मामले पर सांसद महेंद्र भट्ट का कहना है कि यह विषय पहले उनके संज्ञान में नहीं था, लेकिन अब जानकारी मिलने पर उन्होंने भी इस ओर ध्यान दिया है।
इतिहास पर नजर डालें तो ब्रिटिश शासनकाल के दौरान वर्ष 1936 में भूमि सर्वेक्षण, सीमांकन और मालिकाना हक तय करने के लिए बंदोबस्त प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसके तहत गांवों की जमीन के नक्शे, खसरा-खतौनी और भू-राजस्व तय किए गए थे। इसके बाद वर्ष 1957 में दोबारा बंदोबस्त हुआ जो वर्ष 1962 तक मान्य रहा। वर्ष 1962 के बाद दोबारा बंदोबस्त न होने के कारण ये पुराने अभिलेख ही आज भी कानूनी और राजस्व मामलों में सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं।
गांव के प्रधान दीपक थपलियाल का कहना है कि वे पिछले तीन सालों से क्षेत्र पंचायत की बैठकों और पत्राचार के जरिए रिकॉर्ड उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। उन्होंने बताया कि मोहनखाल-ताली सड़क निर्माण में गांव के कई लोगों की जमीन अधिग्रहित हुई थी। हालांकि, जोरापानी थोक का बंदोबस्ती रिकॉर्ड उपलब्ध न होने से ग्रामीणों का मुआवजा अटका हुआ है।
ग्रामीण गणपति थपलियाल ने बताया कि जमीन उनके नाम दर्ज होने के बावजूद रिकॉर्ड न मिलने से वे अपना मालिकाना हक साबित नहीं कर पा रहे हैं। इसके अलावा ग्रामीण हरीश थपलियाल के अनुसार, अभिलेख न होने से परिवारों में जमीन का बंटवारा अटका है और बच्चे जाति प्रमाणपत्र से वंचित हैं। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि पहले ये रिकॉर्ड पौड़ी मुख्यालय में थे, जिन्हें जिला मुख्यालय लाया गया था। अब रिकॉर्ड कहां गायब हुआ, इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।


