
देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से फिलहाल राहत मिलने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने 1 सितंबर को प्रदेश की राजधानी देहरादून और टिहरी जिले में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम की इस गंभीर चेतावनी को देखते हुए देहरादून के जिलाधिकारी ने 1 सितंबर को जनपद के सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सितंबर महीने की शुरुआत तेज बारिश के दौर के साथ हो रही है। देहरादून और टिहरी के अलावा राज्य के आठ अन्य जिलों पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल और हरिद्वार के लिए भी बिजली चमकने और तेज बौछारें पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी 6 सितंबर तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा।
इससे पहले सोमवार को दिन भर राहत रहने के बाद शाम को अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ गया। राजधानी देहरादून में करीब एक घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर को जलमग्न कर दिया। अचानक आई इस तेज बारिश से शहर के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
शाम को हुई बारिश से दर्शनलाल चौक, एस्लेहॉल चौक, रेलवे स्टेशन, प्रिंस चौक और माजरा समेत कई प्रमुख इलाकों में भारी जलभराव दर्ज किया गया। सड़कों पर पानी भरने से यातायात थम सा गया। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को उठानी पड़ी, जिन्हें जलभराव के बीच से निकलने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र की नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। खतरे को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने जिले की पुलिस को हाई अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें संवेदनशील इलाकों और नदियों के तटवर्ती क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही हैं।
पुलिस प्रशासन द्वारा लाउड हाफ के माध्यम से नदी और नालों के किनारे रहने वाले लोगों को लगातार सतर्क किया जा रहा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को नदियों तथा संवेदनशील स्थानों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है।




