उत्तराखंडराजनीति

‘हरिद्वार के साथ रोमांस बढ़ रहा है’: पूर्व CM हरीश रावत ने हरिद्वार से चुनाव लड़ने की जताई इच्छा

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव में हरिद्वार सीट से दावेदारी ठोकने की खुलकर इच्छा जताई है। सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने हरिद्वार क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरने के साफ संकेत दिए हैं। पूर्व सीएम के इस कदम से राज्य की राजनीति और खासकर कांग्रेस के भीतर हलचल तेज हो गई है।

अपने संदेश में पूर्व मुख्यमंत्री ने हरिद्वार से सांसद रहने के दौर की पुरानी यादों को ताजा किया। उन्होंने लिखा कि उनके दिल में बार-बार यह इच्छा जोर मार रही है कि क्या वे एक बार फिर हरिद्वार की जनता का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकते? उन्होंने आगे कहा कि उनकी दिली तमन्ना है कि वे एक बार राज्य की पूरी विधानसभा को ‘हरिद्वारमय’ कर दें।

हरीश रावत ने दावा किया कि सोलानी नदी के इस पार रहने वाले स्थानीय लोगों के मन में भी यह मजबूत भावना है कि वे एक बार फिर उन्हें हरिद्वार से चुनकर विधानसभा भेजें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता और क्षेत्रवासियों की इसी बलवती इच्छा को देखते हुए उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपने मन की बात रखी है।

हालांकि, चुनाव लड़ने की प्रबल इच्छा जताने के साथ ही पूर्व सीएम ने अपने राजनीतिक द्वंद्व को भी जाहिर किया। उन्होंने स्वीकार किया कि जब वे राज्य के गंभीर मुद्दों और पार्टी के भीतर के आंतरिक सवालों पर विचार करते हैं, तो उन्हें अपनी इस व्यक्तिगत भावना को मजबूरी में दबाना पड़ता है।

उत्तराखंड में आगामी चुनावों को देखते हुए हरीश रावत का यह बयान बेहद अहम माना जा रहा है। हरिद्वार जिले में उनका हमेशा से मजबूत प्रभाव रहा है और चुनाव लड़ने की इस सार्वजनिक इच्छा के बाद अब कांग्रेस के भीतर टिकट बंटवारे और क्षेत्रीय समीकरणों को लेकर नई बहस छिड़ना तय है।

Related Articles

Back to top button