
देहरादून के राजपुर रोड पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां रोड रेज के दौरान हुई फायरिंग में 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर के. जोशी की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, ब्रिगेडियर जोशी रोज की तरह सुबह की सैर पर निकले थे, तभी करीब 6:45 से 7 बजे के बीच दो गाड़ियों में सवार लोगों के बीच तेज रफ्तार में पीछा और विवाद चल रहा था। इसी दौरान एक गाड़ी से फायरिंग की गई और एक गोली ब्रिगेडियर जोशी को जा लगी, जिनका इस घटना से कोई संबंध नहीं था।
गोली लगने के बाद वह मौके पर गिर पड़े और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपनी गाड़ी कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है, वहीं इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




