उत्तराखंड कांग्रसे के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल शुक्रवार की देर शाम रुड़की स्थित मंगलौर विधानसभा पहुंचे, जहां विधायक काज़ी निजामुद्दीन के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उत्तराखंड की धामी सरकार प्रदेश के हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड में बेरोजगारी तेजी से पांव पसार रही है, प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के हाल-बदलहाल हैं। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों को पलायन का रोग अंदर से लगातार खोखला करता जा रहा है और मैदानी इलाकों में किसान आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं। इन सभी मुद्दों को केंद्र बनाते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा ने सत्ता में आने से पहले जो भी वादे किए थे, वे सभी झूठे साबित हो रहे हैं और राज्य की जनता अपने आप को ठगा सा महसूस कर रही है।
2027 विधानसभा चुनाव में बहुमत पाएगी कांग्रेस
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने रुड़की से मंगलौर विधानसभा सीट पर तीन बार अपनी प्रचंड जीत दर्ज कराने वाले कांग्रेस विधायक काज़ी निजामुद्दीन को कांग्रेस का मजबूत और विश्वसनीय स्तंभ बताया। उन्होंने आगे कहा कि विधायक काज़ी निजामुद्दीन के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह एकजुट होकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ उत्तराखंड में अपनी सरकार बनाएगी। प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी वर्गों का सम्मान करती है और सबको साथ लेकर आगे बढ़ने की सोच रखती है। वहीं कांग्रेस विधायक काज़ी निजामुद्दीन ने यह दावा किया कि जनता अब परिवर्तन चाहती है और आने वाले चुनावों में कांग्रेस प्रदेश में मजबूत वापसी करेगी।




