उत्तराखंडशिक्षा

देहरादून के नंदा की चौकी में बनेगा IIM काशीपुर का नया कैंपस, मुख्य सचिव ने रखा नींव का पत्थर

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के शिक्षा क्षेत्र को लेकर एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। देहरादून स्थित नंदा की चौकी के पास भारतीय प्रबंधन संस्थान काशीपुर के नए कैंपस का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। बुधवार को राज्य के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने चयनित भूमि पर विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर परियोजना का औपचारिक शुभारंभ किया। इस नए कैंपस के बनने से स्थानीय युवाओं को अपने ही शहर में विश्वस्तरीय प्रबंधन शिक्षा प्राप्त करने का मौका मिलेगा।

भूमि पूजन समारोह के दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि राजधानी में IIM का कैंपस खुलने से उच्च शिक्षा के इच्छुक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई का बेहतर मंच मिलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें अपनी क्षमताओं को तराशने के लिए ऐसे राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों की आवश्यकता है। इस नए केंद्र से प्रबंधन और शोध के क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शिक्षा और निर्माण क्षेत्र से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में IIM काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी, कार्यदायी संस्था CPWD देहरादून के मुख्य अभियंता देवेंद्र प्रकाश सहित विभिन्न संबंधित विभागों और संस्थान के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। परिसर का निर्माण कार्य जल्द पूरा कर पठन-पाठन की प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

Related Articles

Back to top button