उत्तराखंडदेहरादूनशासनसामाजिक

होटल मधुवन देहरादून में खाद्य सुरक्षा कार्यशाला, इन नामचीन होटलों को मिला स्वच्छता सर्टिफिकेट

उत्तराखंड के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त श्री विनय शंकर पांडेय के कुशल निर्देशन में जनपद देहरादून में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन राजपुर रोड स्थित होटल मधुवन में किया गया।

इस विशेष कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अपर आयुक्त ताजबर सिंह, संयुक्त आयुक्त डॉ. आर.के. सिंह और उपायुक्त आर.एस. रावत ने शिरकत की, जबकि खाद्य सुरक्षा ऑडिटर आशीष भार्गव ने उपस्थित लोगों को खाद्य मानकों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान सहायक आयुक्त श्री मनीष सयाना ने जनपद देहरादून में वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति का ब्योरा साझा किया। उन्होंने बताया कि लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, निरीक्षण, सैंपल कलेक्शन और मिलावटखोरों पर वाद दायर करने की प्रक्रियाओं में रिकॉर्ड वृद्धि की गई है, और प्रशासन किसी भी कीमत पर जन स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगा।

कार्यशाला में उपायुक्त आर.एस. रावत ने होटल संचालकों को FSSAI के ‘शेड्यूल 4’ के कड़े नियमों से अवगत कराया, वहीं संयुक्त आयुक्त डॉ. सिंह ने जरूरी सावधानियां बरतने और अपर आयुक्त सिंह ने इन नियमों को अनिवार्य रूप से अपने प्रतिष्ठानों में लागू करने की अपील की ताकि आम जनता को पूरी तरह सुरक्षित और स्वच्छ भोजन मिल सके।

होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मन्नू कोचर और हेमंत कोचर ने खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच करने का एक सराहनीय सुझाव दिया, जिसके समाधान स्वरूप विभाग द्वारा उन्हें घर पर ही भोजन की शुद्धता जांचने वाली ‘डॉट बुक’ की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई। इस मौके पर होटल स्वामियों की विभिन्न समस्याओं का तुरंत निस्तारण भी किया गया।

कार्यशाला की एक बड़ी उपलब्धि यह रही कि अपर आयुक्त श्री ताजबर सिंह द्वारा क्षेत्र के नामचीन होटलों जैसे होटल मधुवन, लेमन ट्री, जे.एस.आर. इन, खैरा पंजाबी ढाबा और फॉर्च्यून मसूरी को उत्कृष्ट मानकों के लिए ‘हाइजीन रेटिंग प्रमाणीकरण‘ प्रदान किया गया।

इस सफल आयोजन में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री सुरेश गिलहोत्रा और अंबुज ओबेरॉय सहित करीब 44 प्रतिष्ठित होटलों के संचालक, जनरल मैनेजर, मुख्य शेफ और देहरादून जनपद के सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button