
उत्तराखंड की धामी सरकार प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत करने की ओर निरतंर महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इस क्रम में धामी सरकार ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले को हेली सेवा और परिवहन सेवाओं में सुदृढ़ बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। दरअसल, यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र की जनता काफी समय से क्षेत्र में परिवहन कनेक्टिविटी को मजबूत करने के विषय में अपनी मांगे उठा रही थी, लिहाजा उनकी मांगो को पूरा करते हुए सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़कोट-चिन्यालीसौड़ में हेली सेवा शुरु करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ-साथ मुख्यमंत्री धामी ने उत्तरकाशी से वाया चिन्यालीसौड़ होते हुए चंडीगढ़ तक रोड़वेज बस के नियमित संचालन को लेकर भी निर्देश दिए। इस कड़ी में बीते सोमवार को यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान के नेतृत्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर अपनी दोनों मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
पर्यटन और आपदा राहत में मिलेगी बड़ी मदद
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नागरिक उड्डयन विभाग और परिवहन सचिव को आवश्यक कार्रवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बड़कोट हेलीपैड की चहारदीवारी एवं सड़क डामरीकरण के लिए 1.88 करोड़ रुपये की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि हेली सेवा शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, साथ ही किसी आपदा की स्थिति में या गंभीर मरीजों की आपातकालीन शिफ्टिंग के लिए यह सेवा बेहद उपयोगी साबित होगी।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने बताया कि वर्तमान में बस सेवा के अभाव में पहाड़ी क्षेत्र के निवासियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है, विशेषकर पीजीआइ चंडीगढ़ में इलाज के लिए जाने वाले मरीजों को काफी लंबा सफर तय करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बस सेवा के संचालन से आमजन, प्रवासी उत्तराखंडियों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी। यह बस सेवा चंडीगढ़ और उत्तरकाशी के बीच संपर्क को मजबूत करेगी और रिवर्स पलायन को भी प्रोत्साहित करेगी।




