नैनीताल

रामनगर में 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म, पेट दर्द के बाद अस्पताल में गर्भवती होने का खुलासा

नैनीताल। उत्तराखंड के रामनगर में एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म और उसके गर्भवती होने का दर्दनाक मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए रामनगर पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी हरीश सिंह के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

घटना का खुलासा तब हुआ जब बृहस्पतिवार को 15 वर्षीय किशोरी के पेट में अचानक तेज दर्द उठा। परिजन आनन-फानन में उसे रामनगर के सरकारी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों द्वारा किए गए मेडिकल परीक्षण में किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि हुई, जिससे परिजनों के होश उड़ गए।

अस्पताल में परिजनों द्वारा कड़ाई से पूछने पर पीड़िता ने आपबीती सुनाई। किशोरी ने बताया कि हिम्मतपुर ब्लॉक निवासी 19 वर्षीय हरीश सिंह ने उससे दोस्ती की थी। कुछ समय पहले आरोपी उसे धोखे से अपने दोस्त के कमरे पर ले गया और वहां जबरन शारीरिक संबंध बनाए। लोक-लाज और डर के कारण पीड़िता ने यह बात किसी से नहीं कही थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता के पिता ने तुरंत स्थानीय कोतवाली पहुंचकर तहरीर सौंपी। रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई।

केस दर्ज होते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हरीश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Related Articles

Back to top button