
भारतीय जनता पार्टी के द्वारा मनरेगा का नाम परिवर्तित कर VB-GRMG रख दिया गया है, जिसके बाद से पूरे देश में इस मुद्दे पर बवाल खड़ा हो गया है। राज्यों से लेकर केंद्र तक विपक्ष भाजपा सरकार के इस निर्णय की खिलाफत कर रहा है, मगर भाजपा इसे दूरदर्शी निर्णय के रुप में लिए आगे बढ़ रही है, इसी क्रम में भाजपा VB-GRMG योजना को लेकर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन करने जा रही है। यह कार्यशाला पहले प्रदेश स्तर से आयोजित करी जाएंगी, जिसके बाद इस कार्यशाला को जिला स्तर तक ले जाने का भी ध्येय सम्मिलित है। भाजपा का कहना है कि इस कार्यशाला का असल उद्देश्य कृषि और श्रमिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों को VB-GRMG योजना के लाभों के प्रति जागरुक करना है, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इस योजना से लाभान्वित हो सकें।
भाजपा की VB-GRMG योजना पर कार्यशाला
उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि इस योजना के तहत राज्य को 90-10 के अनुपात में वित्तीय सहायता दी जाएगी, इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगा बल्कि यह भ्रष्टाचार की कमर पर सीधा प्रहार होगा। आपको बताते चलें कि इस कार्यशाला के अंतर्गत उत्तराखंड के प्रत्येक जिले के लिए गठित विशेष टीमों के सदस्य शामिल होंगे, जो आगे जाकर योजना को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने में अपनी भूमिका निभाएंगे।




