
राजधानी देहरादून में रात 10 बजे के बाद कर्फ्यू लगने जा रहा है। दरअसल, बीते रोज प्रेम नगर हत्याकांड के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर है, इस कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर दून पुलिस ने शिक्षण संस्थानों, पीजी और हास्टल वालों को खुली और स्पष्ट चेतावनी दी है कि रात 10 बजे के बाद छात्र बेवजह बाहर घूमते नजर न आएं। बता दें कि दून पुलिस ने छात्रों के बीच बढ़ती गुटबाजी व आपराधिक प्रवृत्तियों को रोकने के लिए यह सख्त रुख अपनाया है। इस क्रम में दून पुलिस ने मंगलवार रात को शहर में बेवजह घूम रहे 116 संदिग्धों को थाने लाकर उनसे पूछताछ की और कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा।
संस्थान-संचालक माने जाएंगे दोषी
देहरादून के सेलाकुई और प्रेमनगर इलाकों में पुलिस ने छात्रों और हॉस्टल संचालकों के लिए नए कड़े नियम लागू किए हैं। बुधवार को पुलिस ने माया यूनिवर्सिटी और ईकफाई यूनिवर्सिटी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया और हॉस्टल मालिकों के साथ बैठक की। पुलिस ने सभी हॉस्टल और पीजी चलाने वालों को तुरंत निर्देश दिए हैं कि वे अपने यहां रहने वाले हर छात्र का पूरा विवरण (डाटा) इकट्ठा कर पुलिस को सौंपें। साथ ही, रात 10 बजे के बाद किसी भी छात्र को हॉस्टल या कॉलेज परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाए। SSP एसएसपी ने चेतावनी दी है कि अगर कोई छात्र रात को बिना वजह बाहर घूमता है या किसी शक की गतिविधि में पाया जाता है, तो सिर्फ उस छात्र के खिलाफ ही नहीं, बल्कि हॉस्टल संचालक और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का साफ संदेश है—कानून-व्यवस्था बनाए रखना सिर्फ छात्रों की नहीं, बल्कि संस्थानों की भी जिम्मेदारी है।




