
राजधानी देहरादून में वैलेंटाइन डे और महाशिवरात्रि को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। खास तौर पर महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने बताया कि 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे और अगले दिन महाशिवरात्रि होने के कारण पुलिस की जिम्मेदारी बढ़ गई है और पूरे शहर में सतर्कता बरती जा रही है।
वहीं गुच्चू पानी क्षेत्र में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भीड़ को देखते हुए विशेष पुलिस तैनाती की जा रही है। संभावित भीड़ और ट्रैफिक दबाव को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।




