
चंपावत जिले के लोहाघाट नगर में 18 दिसंबर से चल रही वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था का लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कड़ा विरोध किया है। वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था को बंद करने की मांग को लेकर आज सोमवार को लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ नगर के मीना बाजार चौराहे में धरने में बैठ गए और पुलिस प्रशासन से वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था बंद करने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा पुलिस द्वारा बिना व्यापारियों व जनता का पक्ष जाने कुछ लोगों के दबाव मे नगर के मीना बाजार तिराहे से लेकर जयंती भवन तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी है। जिस कारण व्यापारियों का व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो चुका है तथा जनता व ट्रांसपोर्टर परेशान है।
लोहाघाट विधायक ने कहा 18 दिसंबर को उनके द्वारा पुलिस के अधिकारियों से तीन दिन की भीतर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था को बंद करने की मांग की थी पर उनकी मांग का कोई संज्ञान नहीं लिया गया जिस कारण आज मजबूर होकर उन्हें पुलिस के खिलाफ वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था को बंद करने को लेकर धरना देना पड़ रहा है।
वन-वे ट्रैफिक व्यस्था ने पकड़ा सियासी-वे
विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा अगर पुलिस जल्द वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था को बंद नहीं करती है तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। इस दौरान लोहाघाट विधायक ने पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से फोन वार्ता कर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था को जल्द बंद करने की मांग की तथा मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। वहीं इस मामले में पुलिस कप्तान अजय गणपति ने बताया वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था को नगर के व्यापारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक के बाद लागू किया गया है। वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था अभी 14 दिन के लिए प्रयोग के तौर पर लागू की गई है, इसके बाद नगर के व्यापारियों व आम जनता के साथ वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बैठक की जाएगी, तब जाकर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था को लागू करने या ना करने का निर्णय लिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया अभी वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस का सर्वे कार्य चल रहा है उन्होंने नगर की जनता व व्यापारियों से सहयोग की अपील की। फिलहाल वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर लोहाघाट विधायक व पुलिस आमने-सामने आ गई है।
वहीं उक्त मामले में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुभाष बगौली ने कहा यह मुद्दा इतना बड़ा नहीं है कि जिसके लिए कांग्रेसी विधायक को धरना देना पड़ रहा है। बगौली ने कहा कि क्षेत्र में अन्य समस्याएं भी हैं विधायक उनका संज्ञान लें, पुलिस जो भी करेगी जनहित में करेगी।




