
कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने सरोवर नगरी नैनीताल के मल्लीताल में हुए अग्निकांड का जायजा लिया। इस मौके पर कुमाऊं आयुक्त रावत के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। कुमाऊं आयुक्त ने कहा कि मामले में हरसंभव सहयोग किया जाएगा। वहीं राज्य सरकार की तरफ से जो भी राहत राशि देय है, वह उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं उन्होंने पीड़ितों से बातचीत कर आग लगने के कारणों व नुकसान की जानकारी ली। इस बीच भवन स्वामी विद्यालय की ओर से ही आग लगने की बात कहने लगी। जिसके बाद उन्होंने विद्यालय प्रधानाचार्य से भी गहन पूछताछ की। उन्होंने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि हर संभव मदद के प्रयास किए जाएंगे।
कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मानस खंड मंदिर माला के अंतर्गत नैना देवी मंदिर के सौंदर्य करण के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। नैना देवी मंदिर परिसर के निकट भोटिया मार्केट स्थापित किए जाने हेतु दुकानें, मार्ग सुदृढ़ीकरण, दीवार शिफ्टिंग, मुख्य द्वार, लाइटिंग और फिनिशिंग का कार्य किया जा रहा है जो अधिकांश पूरा हो गया है। कुमाऊं आयुक्त ने अवशेष कार्यों को एक माह में पूर्ण करने और कार्यों को उच्च गुणवत्तायुक्त करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए है।




