हरिद्वार में गंगा घाटों पर श्रद्घालुओं की भीड़, कड़ाके की ठंड के बीच लगा रहे आस्था की डुबकी

धर्मनगरी हरिद्वार में मकर सक्रांति के पावन अवसर पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है, कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच श्रद्घालू हर की पैड़ी पर आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। तड़के भोर से ही हरकी पैड़ी सहित गंगा के सभी प्रमुख घाटों पर स्नान का सिलसिला जारी है। कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और सर्द हवाओं के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आ रही है, वहीं ब्रह्म मुहूर्त से ही मां गंगा में हजारों श्रद्धालू आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। हर की पौड़ी के ब्रह्मकुंड सहित आसपास के सभी घाटों पर श्रद्धालु सुबह तड़के से ही गंगा स्नान कर रहे हैं। “हर-हर गंगे” के जयकारों से घाट गूंज उठे हैं और श्रद्धालु गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करने के साथ सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
मकर सक्रांति के अवसर पर ढोल-दमोऊ की थाप और शंखनाद के बीच पर्वतीय क्षेत्रों से देव डोलियां भी हर की पैड़ी पहुंची, इस दौरान घाटों पर हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयकारे गूंजते रहे। वहीं श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के साथ दान-पुण्य किया,जिसमें खिचड़ी, तिल, गुड़ और ऊनी वस्त्रों का दान भी किया गया।




