
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के चहुंमुखी विकास को गति देते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण विकास योजनाओं के लिए कुल 213 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। देहरादून से जारी इस आधिकारिक निर्णय के तहत राज्य सरकार ने आगामी कुंभ मेला-2027 और ऐतिहासिक नंदादेवी राजजात यात्रा की तैयारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
इस भारी-भरकम बजट के जरिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, सड़कों के सुदृढ़ीकरण, पेयजल किल्लत को दूर करने और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण से जुड़े अनेक कार्यों को धरातल पर उतारा जाएगा, जिससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा स्वीकृत बजट का एक बड़ा हिस्सा राज्य की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों को संवारने तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में खर्च किया जाएगा। इसके तहत आगामी कुंभ मेले के लिए 35 करोड़ रुपये और नंदादेवी राजजात यात्रा के अंतर्गत नलगांव-भटियाणा मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 8.68 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
इसके अलावा देहरादून के चंचल डेयरी से धर्मपुर चौक तक तीन लेन एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण के लिए 3.37 करोड़, रुद्रपुर के बिंदुखेड़ा रायपुर मोटर मार्ग के हॉटमिक्स पुनर्निर्माण के लिए 3.95 करोड़, और जागेश्वर, ऊखीमठ, सल्ट समेत कई अन्य क्षेत्रों के संपर्क मार्गों के सुधार व सुदृढ़ीकरण के लिए करोड़ों रुपये आवंटित किए गए हैं, जिससे राज्य में सुरक्षित और सुगम परिवहन सुनिश्चित हो सके।
इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ आम जनता की बुनियादी जरूरतों और आस्था के केंद्रों के विकास के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं। अगस्तमुनि नगर पंचायत की छेनागाड़ पेयजल योजना के लिए 55.22 करोड़ रुपये की एक बड़ी राशि स्वीकृत की गई है, जबकि देहरादून के गंगोत्री विहार में नलकूप खनन और राइजिंग मेन के लिए 2.22 करोड़ रुपये जारी हुए हैं।
धार्मिक और सामाजिक स्थलों की बात करें तो चौखुटिया के राम पादुका मंदिर पर स्नान घाट निर्माण, सुकेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार, पिरान कलियर के श्मशान घाट में बाउंड्रीवॉल निर्माण और धारचूला में मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए बजट मंजूर किया गया है। इसके अतिरिक्त सहकारी क्षेत्र की मिलों के लिए 81.47 करोड़ रुपये के ऋण मद की व्यवस्था की गई है और साथ ही ताकुला राजकीय प्राथमिक विद्यालय धौलरा का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय श्री विद्याधर वैष्णव के नाम पर रखने को मंजूरी दी गई है।




