उत्तराखंड

CM धामी ने ₹29 करोड़ की लागत से बने धनगढ़ी पुल का किया लोकार्पण, बरसाती नालों से मिलेगी मुक्ति

रामनगर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रामनगर में बहुप्रतीक्षित धनगढ़ी पुल का लोकार्पण कर क्षेत्र को बड़ी सौगात से नवाज दिया। इस पुल के खुलने से गढ़वाल और कुमाऊं मंडल को जोड़ने वाली राह अब बेहद आसान हो जाएगी। करीब 29 करोड़ रुपये की लागत से बना यह पुल दोनों क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में मील का पत्थर साबित होगा। लोकार्पण के दौरान सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार नीति और नीयत के साथ प्रदेश को श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने पुरानी यादें साझा करते हुए कहा कि बरसात के दिनों में जब धनगढ़ी नाला उफान पर आ जाता था, तो यहाँ होने वाले हादसों की सूचनाओं से वे हमेशा व्यथित होते थे। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि इच्छाशक्ति होती तो यह पुल पहले भी बन सकता था लेकिन चुनाव में सिर्फ आश्वासन देने वाले लोग चुनाव खत्म होते ही इस मुद्दे को भूल जाते थे।

लोकार्पण समारोह में रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट समेत कई अन्य विधायक भी मौजूद रहे। सीएम ने बताया कि धनगढ़ी पुल निर्माण में कुछ अड़चनें आई थीं, जिन्हें केंद्र की मदद से दूर किया गया। करीब 220 मीटर लंबा यह पुल दो साल में बनकर तैयार हुआ है, इसके साथ ही पास में ही ₹18 करोड़ से अधिक की लागत से बन रहे पनोद पुल का निर्माण कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है।

पौड़ी-अल्मोड़ा को सीधा फायदा, पर्यटकों को मिलेगी राहत

इस नए पुल के चालू होने से पौड़ी और अल्मोड़ा जिलों को सीधे तौर पर सबसे ज्यादा फायदा पहुंचेगा। अब इस मार्ग पर सालभर सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुनिश्चित हो सकेगा। इसके अलावा जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों और पंजाब व यूपी से आने वाले लोगों को भी इस पुल से बड़ी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की योजनाएं सिर्फ कागजों तक ही सीमित रहीं और वे कभी धरातल पर काम नहीं कर पाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केवल अपनी जेबें भरने का काम किया और प्रदेश में भ्रष्टाचार के पुल बनाए, जबकि भाजपा ने विकास योजनाओं को जमीन पर उतारा है।

चारधाम यात्रा रूट को मिलेगी मजबूती, हर गांव तक पहुंचेगी सड़क

सीएम धामी ने कहा कि पहले के समय में दूरस्थ क्षेत्रों में न तो नई सड़कें दिखती थीं और न ही शिक्षा व स्वास्थ्य पर काम हुआ था। इसके उलट आज भाजपा सरकार सीमांत के अंतिम गांव तक सड़क पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने साफ किया कि धनगढ़ी और पनोद के नए पुल बनने से अब यहाँ से चारधाम यात्रा के लिए भी सीधी और सुरक्षित कनेक्टिविटी मिलने लगेगी।

कुंभ के बीच में विधानसभा चुनाव होने की संभावनाओं पर सीएम ने कहा कि सरकार हर परिस्थिति के लिए तैयार है, उन्होंने कहा कि कुंभ के बीच चुनाव के लिए 20 से 25 दिनों का समय मिल रहा है जो कि पर्याप्त है। हालांकि, चुनाव की तारीखों का अंतिम निर्णय चुनाव आयोग को लेना है, लेकिन सरकार कुंभ के आयोजन के बीच भी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।

₹1100 करोड़ की लागत से सुधरेंगी सूबे की सड़कें

लोकार्पण कार्यक्रम के इतर सरकार चुनाव से ठीक पहले राज्य की सड़कों का कायाकल्प करने जा रही है। इसके लिए केंद्र सरकार को कुल 1100 करोड़ रुपये का एक बड़ा प्रस्ताव भेजा गया है । लोक निर्माण विभाग की ओर से भेजे गए इस प्रस्ताव के तहत उत्तराखंड राज्य की कुल 54 प्रमुख सड़क परियोजनाओं के निर्माण, चौड़ीकरण और सुधारीकरण का कार्य किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button