उत्तराखंडचारधाम यात्रा

चारधाम यात्रा 2024: मौसम की चुनौतियों के बाद भी टूटे पुराने रिकॉर्ड, बद्रीनाथ में सबसे ज्यादा भीड़

देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित हो रही चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड बना रही है। यात्रा की शुरुआत के महज 94 दिनों के भीतर चारों धामों बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या 45,01,204 के ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर गई है।

जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष इसी 94 दिनों की अवधि में 41,47,540 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे, जिसकी तुलना में इस बार 3,53,664 अधिक श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचे हैं। मानसून और विपरीत मौसम की चुनौतियों के बावजूद चारों धामों में देश-विदेश से आने वाले भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं देखी जा रही है।

धामवार आंकड़ों के मुताबिक, सबसे अधिक 15,27,936 श्रद्धालुओं ने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन किए, जो पिछले साल की तुलना में 3,08,192 अधिक है। वहीं, केदारनाथ धाम में 14,11,861, गंगोत्री में 7,03,064 और यमुनोत्री धाम में 6,47,447 तीर्थयात्री पहुंचे हैं। इसके साथ ही पवित्र सिख तीर्थ स्थल हेमकुंड साहिब में भी 2,10,896 श्रद्धालु नतमस्तक हो चुके हैं।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर बात करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खराब मौसम को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है और सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि भूस्खलन या किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों की तैनाती की गई है। यात्रा को सुचारु रखने के लिए लगातार राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही हैं और वे स्वयं दैनिक आधार पर स्थिति की सीधी निगरानी कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button